क्रय केन्द्रों पर बिचौलियों व केंद्र प्रभारियों के तगड़े काकश में पिस रहा किसान
देव प्रकाश तिवारी राम सनेही घाट बाराबंकी : किसानों की सर्द रातें क्रय केंद्रों पर गुजर रही है। किसान अपना धान बेचने के लिए खुले आसमान के नीचे क्रय केंद्रों पर रतजगा कर धान की रखवाली कर रहा है। एक सप्ताह से अधिक समय से विपणन केंद्र राम सनेही घाट पर धान की ट्रालियां तौल के इंतजार में खड़ी है। किसानों को तौल कराने में तमाम झंझावतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर खड़े किसान राम पदारथ, उमेश कुमार, शिवकुमार बताते हैं कि एक सप्ताह से वह धान लदी ट्राली लेकर क्रय केंद्र पर खड़े है। लेकिन तौल का नंबर नहीं आया। क्रय केंद्रों पर बिचौलियों के हावी होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। तहसील क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक क्रय केंद्र खोले गए हैं। हर केंद्र पर किसानों की लंबी कतारें है। ऐसा नहीं धान की तौल नहीं हो रही है लेकिन किसानों की कतार क्रय केंद्र से कम नहीं हो रही है। साधन सहकारी समिति मोहम्मद पुर, सनौली, बनीकोडर में बिचौलियों का धान खरीदा जा रहा है। विपणन शाखा दरियाबाद में सेटिंग ऐसी है कि सीधे व्यापारियों का धान मिल में उतरता है। कागज केंद्र पर बनाये जाते हैं। यहां प्रति कुंतल तीन सौ रुपये कमीशन तय है। यहां पर तौल के लिए एक माह से दौड़ लगा रहे किसान सुशील मिश्र का धान अभी तक नहीं तौला गया। पिंटू यादव का धान अब तक नहीं तौला गया। किसान परेशान है। किसान हरिओम बाजपेई का धान नहीं तौला गया। उनकी गेहूं की बुआई नहीं हो पाई। कागजों पर तौल रोजाना दर्शाई गई है। किसान आदिनाथ मिश्र बताते हैं कि सचिव किसानों के बजाय बिचौलियों का धान तौल रही है। उनका धान नहीं तौला गया।एसडीएम ने बताया कि क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। जहां पर लापरवाही मिलती है, वहां के क्रय केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई की जा रही है।